कटिहार में माई भारत समिति की पहली बैठक, स्कूल-कॉलेजों में चलेगा महा-पंजीकरण अभियान
कटिहार, 04 जुलाई (हि.स.)। युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से भागीदार बनाने के उद्देश्य से शनिवार को कटिहार जिलाधिकारी कार्यालय वेश्म में 'माई भारत' की जिला सलाहकार समिति की प्रथम बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई इस अहम बैठक में जिले के युवाओं को माई भारत पोर्टल से जोड़ने, नशा मुक्ति अभियान में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने और सरकारी योजनाओं का लाभ युवाओं तक पहुंचाने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को सख्त निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों का 'माई भारत' पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को 'प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना' का लाभ दिलाने के लिए जिले में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। साथ ही, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स के सहयोग से इन योजनाओं की पहुँच जन-जन तक बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
सामाजिक सरोकार के अभियानों में युवाओं की जिम्मेदारी तय करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 'माई भारत' के स्वयंसेवक गांव-गांव और शिक्षण संस्थानों में जाकर नशा मुक्ति के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाएं। इसके अलावा, शनिवार से ही जिले में शुरू हुए 'टीबी मुक्त भारत अभियान' को सफल बनाने में भी इन स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में युवाओं को 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' सहित अन्य राष्ट्रीय आयोजनों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जिला युवा अधिकारी ने समिति के समक्ष 'माई भारत' की आगामी कार्ययोजना और गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। ज्ञात हो कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा जारी नई द्विस्तरीय व्यवस्था के तहत जिले में इस सलाहकार और समन्वय समिति का गठन किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य विभागों के बीच तालमेल बिठाकर युवाओं का कौशल विकास करना है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, नियोजन पदाधिकारी, कल्याण पदाधिकारी, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, लीड बैंक प्रबंधक, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, एनसीसी और एनएसएस सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

