home page

मुजफ्फरपुर:धनतेरस और दीपावली को लेकर ट्रैफिक रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थल तय

 | 
मुजफ्फरपुर:धनतेरस और दीपावली को लेकर ट्रैफिक रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थल तय


मुजफ्फरपुर, 05 नवंबर (हि.स.)।

जिले में आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुजफ्फरपुर में धनतेरस और दीपावली के पावन अवसर पर शहर में विधि-व्यवस्था और सुगम यातायात (ट्रैफिक) व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मुजफ्फरपुर डीएम कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अधिकारियों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं और रूट डायवर्जन व पार्किंग की नई व्यवस्था का ऐलान किया है।

पर्व के दौरान उमड़ती है भारी भीड़: प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष धनतेरस पर्व दिनांक 06.11.2026 एवं दीपावली पर्व दिनांक 08.11.2026 को मनाया जाना तय हुआ है। इस विशेष अवसर पर शहर में प्रायः सभी लोग शहरी क्षेत्र में बर्तन, सोना, चांदी, नया वाहन एवं अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में शहरी क्षेत्र में प्रवेश करते हैं। इसके अलावा, इस पर्व के खास मौके पर नए वाहनों की पूजा कराने वाले वाहन मालिक प्रसिद्ध गरीब स्थान मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करते हैं। इन कारणों से शहर में भारी भीड़भाड़ बढ़ जाती है और गंभीर ट्रैफिक की समस्या उत्पन्न होने की संभावना बनी रहती है। इसी मुख्य समस्या को ध्यान में रखते हुए और यातायात को पूरी तरह सुगम बनाए रखने के लिए दिनांक 06.11.2026 (धनतेरस) के अवसर पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है।

यातायात और रूट डायवर्जन से जुड़े मुख्य बिंदु

चार चक्का वाहन और तीन चक्का वाहन जो पूजा कराने हेतु गरीब नाथ मंदिर की तरफ जाएंगे, उनका प्रवेश गांधी चौक और सुध डेयरी होते हुए निर्धारित किया गया है।

माखन साह चौक तथा पुरानी बाजार की तरफ से आने वाले किसी भी प्रकार के चार चक्का वाहन या तीन चक्का वाहन को गरीब नाथ मंदिर की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी।

महिला थाना की तरफ से कोई भी टेम्पो या चार चक्का वाहन टॉवर चौक की तरफ नहीं जा सकेगा।

मोतीझील फ्लाई ओवर पर किसी भी प्रकार के वाहन का ठहराव या पड़ाव पूरी तरह वर्जित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, पूर्व से जिन सड़कों पर वन-वे व्यवस्था लागू है, वे सभी नियम यथावत रूप से लागू रहेंगे।

वाहन पार्किंग के लिए निर्धारित विशेष स्थल

खरीदारी और दर्शन के लिए आने वाले आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने वाहन पार्किंग के लिए दो प्रमुख स्थानों का चयन किया है, ताकि सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो:

डी.एन. हाई स्कूल के परिसर में पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है।

बी.बी. कॉलेजिएट स्कूल के मैदान को भी पार्किंग स्थल के रूप में तय किया गया है।

आपातकालीन वाहनों के लिए विशेष छूट और निर्देश

प्रशासन ने आम जनता की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए कुछ जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं:

उपरोक्त यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार के आकस्मिक वाहन, जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन गाड़ियों को उनकी आवश्यकतानुसार और स्थिति को देखते हुए विशेष छूट प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही, प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि आवश्यकता पड़ी, तो ट्रैफिक की वास्तविक स्थिति को देखते हुए यातायात सुगमता के हित में प्रशासन द्वारा जरूरी बदलाव भी किए जा सकेंगे।

जिला प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वेत्योहार के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का पूरा सहयोग करें तथा नियमों का पालन करते हुए अपनी खरीदारी और पूजा-अर्चना संपन्न करें।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज कुमार