home page

बिहार के युवक की मुम्बई में हत्या से गुस्साए लोगों ने शव पहुंचने पर सड़क किया जाम

 | 
बिहार के युवक की मुम्बई में हत्या से गुस्साए लोगों ने शव पहुंचने पर सड़क किया जाम


पटना, 02 अप्रैल (हि.स.)।बिहार के युवक की मुम्बई के धारवी में बीते दिनों हत्या कर दी गई थी, जिसका शव गांव पहुंचने पर लोग भड़क गए और सड़क जाम कर दिया।

जानकारी के मुताबिक मुम्बई के धारावी माहिम फाटक इलाके में शिवहर जिले के एक युवक की हत्या के मामले में गुरुवार को मृतक के पैतृक गांव लौटे शव के बाद परिजन और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शिवहर-तरियानी-मीनापुर स्टेट हाइवे को वैद्यनाथपुर के पास पूरी तरह जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया।

इस दौरान टायर जलाकर सड़क पर आगजनी भी की गई, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो किसी अधिकारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न ही किसी जनप्रतिनिधि ने हालचाल लिया। इस अनदेखी से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया, जिसके बाद उन्होंने शव के साथ सड़क पर बैठकर न्याय और मुआवजे की मांग शुरू कर दी।

मृतक तरियानी थाना क्षेत्र के वैद्यनाथपुर गांव निवासी अवधेश ठाकुर के 25 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार ठाकुर है। जानकारी के अनुसार धीरज की हत्या 30 मार्च की सुबह मुम्बई के धारावी माहिम फाटक क्षेत्र में कर दी गई थी।

घटना के संबंध में मृतक के भाई नीरज कुमार ठाकुर ने मुम्बई के शाहुनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एफआईआर में धारावी माहिम फाटक रोड स्थित गौसिया गली बनवारी कंपाउंड के रहने वाले कई लोगों को नामजद किया गया है। आरोपियों में ओसामा मकसूद अली शेख, आवेश कलीम शाह, अज्जू यासीन शेख और मो अरमान सुभान चौधरी के नाम शामिल हैं।

परिजन का आरोप है कि इन लोगों ने पहले पैसे की मांग को लेकर विवाद किया और बाद में साजिश के तहत धीरज की बेरहमी से हत्या कर दी। विरोध करने पर उसके भाइयों पर भी हमला किया गया, जिससे वे घायल हो गए। परिजनों का कहना है कि यह पूरी घटना पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा थी।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया था। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए शव को गांव लाया गया, जो गुरुवार तड़के वैद्यनाथपुर पहुंचा। जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और लोग सड़क पर उतर आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी