home page

गला दबाकर तीन साल के मासूम की हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

 | 
गला दबाकर तीन साल के मासूम की हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम


भागलपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक में गुरुवार सुबह एक 3 साल के मासूम बच्चे दिव्यांश कुमार की अपहरण के बाद गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बच्चे का शव गांव के ही एक खेत में प्लास्टिक के बोरे में बंद मिला, जिससे पूरे इलाके में भारी तनाव और सनसनी फैल गई है।

बताया जा रहा है कि लालूचक निवासी पंकज मंडल का 3 वर्षीय बेटा दिव्यांशु बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात अपनी मां सुलेखा देवी के पास घर में सोया हुआ था। रात में जब अचानक मां की नींद खुली, तो बच्चा अपनी जगह से गायब था। परिजन ने तुरंत बच्चे की तलाश शुरू की। अपहरण के महज 4 घंटे के भीतर गुरुवार सुबह गांव के पास एक खेत की झाड़ियों में प्लास्टिक के बोरे में बंद दिव्यांशु का शव बरामद हुआ। उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी।

मासूम की हत्या की खबर मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने बच्चे के शव को बीच सड़क पर रखकर चंपानगर-भागलपुर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना प्रभारी अभय शंकर और सिटी डीएसपी-टू राकेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी का आश्वासन देकर करीब आधे घंटे बाद जाम हटवाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। परिजन ने गांव के ही सुभाष नाम के एक युवक पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है।

उल्लेखनीय है कि लालूचक इलाके में लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष है। इससे पहले महज 17 दिन पहले, यानी 14 जुलाई को भी इसी तरह की खौफनाक वारदात हुई थी। तब पिता के साथ मंदिर परिसर में सो रहे ढाई साल के बच्चे 'आदित्य' का पट्टीदार (गोतिया) विवाद में सोते समय अपहरण कर लिया गया था और उसकी आंख में कील ठोककर ओर गला दबाकर हत्या करने के बाद शव नदी किनारे फेंक दिया गया था। ठीक उसी पैटर्न पर गुरुवार को हुई इस दूसरी हत्या ने पूरे नाथनगर में भय का माहौल बना दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर