उद्घाटन से पहले ही भागलपुर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर दौड़ने लगे वाहन, डेढ़ घंटे में पूरा हो रहा 60 किमी का सफर
भागलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। जिले की सड़क कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को लेकर यात्रियों के लिए दो बड़े अपडेट सामने आए हैं। एक तरफ जहां औपचारिक उद्घाटन से पहले ही भागलपुर-मिर्जाचौकी ग्रीनफील्ड फोरलेन के अधिकांश हिस्से पर वाहनों का परिचालन शुरू हो गया है, वहीं दूसरी ओर अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर स्टेट हाइवे पर टोल टैक्स वसूली की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
भागलपुर से झारखंड के मिर्जाचौकी तक बन रहे महत्वाकांक्षी फोरलेन हाईवे का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में है। इस करीब 60 किलोमीटर लंबे खंड में से अधिकांश हिस्से पर सड़क बनकर तैयार हो चुकी है और केवल 4 किलोमीटर का हिस्सा ही अधूरा बचा है। तैयार हिस्सों पर छोटे और बड़े वाहनों ने फर्राटा भरना शुरू कर दिया है। इस नए मार्ग के चालू होने से यात्रियों को पुराने जर्जर और जाम वाले एनएच-80 से बड़ी राहत मिली है। जहां पहले इस दूरी को तय करने में ढाई से तीन घंटे का समय लगता था, वहीं अब यह सफर महज डेढ़ घंटे में पूरा हो रहा है। शेष बचे 4 किलोमीटर हिस्से और पुल-पुलियों का काम भी युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है, ताकि जल्द ही इसका विधिवत उद्घाटन किया जा सके। दूसरी ओर, 29.4 किलोमीटर लंबे अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर स्टेट हाइवे पर वाहन चालकों को जल्द ही टोल टैक्स चुकाना होगा।
पथ निर्माण विभाग ने इस मार्ग पर टोल प्लाजा निर्माण की कवायद तेज कर दी है। इसके लिए किरणपुर और अंबा के बीच मस्जिद के समीप भूमि चिह्नित की गई है। टोल प्लाजा के निर्माण के लिए पथ निर्माण विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र हेतु वन एवं पर्यावरण विभाग को प्रस्ताव भेजा गया था। इसी क्रम में बीते गुरुवार को डीएफओ और रेंजर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, चिह्नित स्थान पर बिना किसी पेड़ की कटाई किए टोल प्लाजा का निर्माण संभव है, ऐसे में विभाग को जल्द ही एनओसी मिलने की उम्मीद है। एनओसी मिलते ही टोल प्लाजा का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

