home page

ठाकुरगंज नगर पंचायत में लाखों की सड़क घोटाले की चर्चा, बिना निर्माण के भुगतान का आरोप

 | 
ठाकुरगंज नगर पंचायत में लाखों की सड़क घोटाले की चर्चा, बिना निर्माण के भुगतान का आरोप


किशनगंज, 08 अप्रैल (हि.स.)। ठाकुरगंज नगर पंचायत इन दिनों किसी उपलब्धि नहीं बल्कि कथित वित्तीय अनियमितता को लेकर चर्चा में है।

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी तथा नगर पंचायत अध्यक्ष सिकंदर पटेल द्वारा जारी बयान के बाद वार्ड संख्या 09 में पीसीसी सड़क निर्माण के नाम पर लाखों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार यह मामला कई महीनों पुराना बताया जा रहा है, जिसे दबाने की कोशिश भी की गई। लेकिन 06 अप्रैल 2026 को आयोजित नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में वार्ड संख्या 09 की पार्षद सुधा देवी ने इस गंभीर मामले को उठाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड में पीसीसी सड़क निर्माण कराए बिना ही संबंधित अभिकर्ता को भुगतान कर दिया गया। बैठक के बाद पार्षदों ने राम साह के घर से चिंटू के घर तक कथित सड़क निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मौके पर किसी भी प्रकार का नया सड़क निर्माण कार्य नहीं पाया गया। इसके बाद कनीय अभियंता शहंशाह आलम से योजना की संचिका मांगी गई। संचिका संख्या 51/2025-26 के अवलोकन में वित्तीय वर्ष 2025-26 में उक्त सड़क निर्माण कार्य दर्शाते हुए भुगतान किए जाने की बात सामने आई।

मामले को गंभीर मानते हुए मुख्य पार्षद कृष्णा सिंह ने कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिखकर निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि यदि जांच में अनियमितता प्रमाणित होती है तो संबंधित कनीय अभियंता सहित अन्य दोषी कर्मियों को निलंबित कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाए तथा अभिकर्ता से सरकारी राशि की ब्याज सहित वसूली सुनिश्चित की जाए। साथ ही वर्ष 2022 से 2025 के बीच स्वीकृत सभी सड़क निर्माण योजनाओं के भुगतान और भौतिक स्थिति की भी जांच कराने की मांग की गई है।

इस मामले के सामने आने के बाद ठाकुरगंज नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और स्थानीय लोगों में भी इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह