पूर्व मुखिया जयकृष्ण गुरमेता के निधन से प्रखंड क्षेत्र में शोक की लहर
सुपौल, 18 अगस्त (हि.स.)।
छातापुर प्रखंड क्षेत्र की बलुआ पंचायत के पूर्व मुखिया सह वरिष्ठ समाजसेवी जयकृष्ण गुरमेता का 97 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव बलुआ बाजार सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जयकृष्ण गुरमेहत अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के कारण लोगों के बीच विशेष पहचान रखते थे। समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका रही। बताया जाता है कि वे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. जगन्नाथ मिश्र के भी काफी करीबी रहे थे। पंचायत के सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण क्षेत्र के लोगों से उनका गहरा जुड़ाव था।
उनके निधन की सूचना मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और प्रबुद्ध नागरिक उनके पैतृक आवास पहुंचे तथा शोक संतप्त परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। लोगों ने कहा कि जयकृष्ण गुरमेता का निधन पंचायत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। वे हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले व्यक्तित्व के रूप में याद किए जाएंगे।
शोक व्यक्त करने वालों में मधुबनी पंचायत के मुखिया सितानंद झा उर्फ सुनील बाबू, व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरीशंकर भगत, रामपुर पंचायत के पूर्व मुखिया सह मुखिया प्रतिनिधि मो. हासिम, माधोपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मोती अहमद, भाजपा मध्य भाग मंडल अध्यक्ष प्रशांत उर्फ काली झा, भाजपा प्रखंड मीडिया प्रभारी रामटहल भगत, युवा समाजसेवी सुभाष कुमार यादव, राजकुमार झा, भाकपा अंचल सचिव रघुनंदन पासवान, जदयू नेता फेक नारायण मंडल, विपिन यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं ग्रामीण शामिल रहे।
सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

