एमपीएल सीजन तीन क्रिकेट प्रतियोगिता का चैंपियन बना सनहार्ट इलेवन
अररिया, 01 मार्च(हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच की ओर से मटियारी स्थित पाठशाला स्कूल के खेल के मैदान में आयोजित एमपीएल सीजन तीन का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया।खिताबी भिड़ंत में सनहार्ट इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 23 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर जेडएमडी इलेवन ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। शुरुआत में सधी हुई गेंदबाजी से सनहार्ट इलेवन को 8 ओवरों में 71 रन पर 4 विकेट के झटके लगे। लेकिन इसके बाद सौरव जैन ने मोर्चा संभालते हुए 23 गेंदों में ताबड़तोड़ 48 रन ठोक डाले। उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत सनहार्ट इलेवन ने 15 ओवरों में 7 विकेट पर 140 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेडएमडी इलेवन की शुरुआत लड़खड़ा गई। टीम ने 8 ओवरों में 51 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। मध्यक्रम ने संघर्ष किया, परंतु सनहार्ट इलेवन की अनुशासित गेंदबाजी के सामने लक्ष्य दूर रह गया।फलस्वरूप सनहार्ट इलेवन ने 23 रनों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
गेंदबाजी में मयंक सोनावत ने 3 ओवरों में मात्र 18 रन देकर 3 विकेट झटके। विनीत सोनावत, जितेश माहेश्वरी और सूरज जैन ने भी 2-2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। सौरव जैन को उनकी बेहतरीन पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जागृत बैद को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर एवं बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार दिया गया।
उन्होंने 5 मैचों में 232 के शानदार स्ट्राइक रेट से 216 रन बनाए।जेडएमडी इलेवन के कप्तान नवीन नौलखा को बेस्ट बॉलर, जबकि फ्रेंड्स इलेवन के प्रतीक बहैती को बेस्ट फील्डर और रचित खटेर को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया। समापन अवसर पर मंच के अध्यक्ष गौरव जैन ने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा ऊर्जा, एकता और सामूहिक प्रयासों का प्रतीक है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

