मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिले सांसद राजीव प्रताप रूडी
सारण, 01 मई (हि.स.)। जिले के विकास और भविष्य की रूपरेखा को लेकर सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनके कार्यालय में मुलाकात की।
इस अनौपचारिक बैठक के दौरान सारण में स्वीकृत और प्रस्तावित महत्वाकांक्षी योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
सांसद रूडी ने विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि चर्चा का मुख्य केंद्र बिंदु दिघवारा में सिक्स लेन पुल, सोनपुर में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा, और हरिहरनाथ कॉरिडोर जैसी बड़ी परियोजनाएं रहीं। इसके अतिरिक्त, सारण सैटेलाइट टाउनशिप, हरिहरनाथपुरम और दिघवारा-भेल्दी स्पर जैसी योजनाओं को धरातल पर उतारने की गति तेज करने पर सहमति बनी। रूडी ने इन परियोजनाओं को सारण के आर्थिक और सामाजिक विकास की रीढ़ बताया। विशेष रूप से बाकरपुर–डुमरिया घाट पथ को नारायणी पथ तथा उत्तरी गंगा पथ को गंगा-अम्बिका भवानी पथ के रूप में स्वीकृति मिलने के बाद इनके निर्माण की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने सांसद द्वारा वर्षों से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास दिलाया कि विकास की इन परियोजनाओं को गति दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

