home page

लोगों को लगातार मिल रहा है गैस अवसंरचना के विस्तार की दिशा में किए जा रहे कार्यों का लाभ: सांसद

 | 
लोगों को लगातार मिल रहा है गैस अवसंरचना के विस्तार की दिशा में किए जा रहे कार्यों का लाभ: सांसद


भागलपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल द्वारा संसद के मानसून सत्र में भागलपुर जिले में घरेलू गैस, पाइपयुक्त प्राकृतिक गैस और सिटी गैस वितरण नेटवर्क के विस्तार से संबंधित अतारांकित प्रश्न संख्या 1887 के माध्यम से केंद्र सरकार से जानकारी मांगी गई थी। इस प्रश्न का उत्तर गुरुवार को केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने लोकसभा में दिया।

मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी से स्पष्ट हुआ है कि भागलपुर जिले में गैस अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है और लोगों तक स्वच्छ तथा सुविधाजनक ईंधन पहुंचाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

मंत्रालय ने यह भी बताया कि 1 जुलाई 2026 तक भागलपुर जिले में 7.35 लाख घरेलू एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध हैं। इनमें से 3.90 लाख कनेक्शन प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को दिए गए हैं गैस और ईंधन की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के 58 एलपीजी वितरक तथा 103 पेट्रोल एवं डीजल खुदरा बिक्री केंद्र भी संचालित हैं।

वहीं सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि भागलपुर के हर घर तक स्वच्छ, सुरक्षित और सस्ती रसोई गैस की सुविधा पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गैस अवसंरचना के विस्तार की दिशा में किए जा रहे कार्यों का लाभ भागलपुर के लोगों को लगातार मिल रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में जिले में पीएनजी और सीएनजी नेटवर्क का और अधिक विस्तार होगा, जिससे लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक ऊर्जा उपलब्ध होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर