छपरा के मेथवलिया हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिले सांसद पप्पू यादव
सारण, 30 जून (हि.स.)। छपरा दोहरे हत्याकांड के गवाह पंकज कुमार की हत्या के बाद एक बार फिर राजनीति गरमा गई है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव पीड़ित परिजनों से मिलने छपरा के मेथवलिया गांव पहुंचे। परिजनों को ढांढस बंधाते हुए सांसद ने सरकार और स्थानीय पुलिस पर तीखा हमला बोला।
पप्पू यादव ने कहा कि राज्य में कानून का राज पूरी तरह खत्म हो चुका है और सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सीमित है। उन्होंने सवाल उठाया कि संवेदनशील मामले के गवाह होने के बावजूद पंकज को पुलिस सुरक्षा क्यों नहीं दी गई? सांसद ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़े नेताओं पर भी तंज कसा कि वे चुनाव के बाद आज संकट की घड़ी में परिवार के साथ खड़े नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से एसआईटी जांच में तेजी लाने और अपराधियों को स्पीडी ट्रायल के जरिए सजा दिलाने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

