home page

उर्दू-बंगला टीईटी शिक्षकों की सेवा बहाली के लिए सांसद ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

 | 
उर्दू-बंगला टीईटी शिक्षकों की सेवा बहाली के लिए सांसद ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र


किशनगंज, 10 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत उर्दू-बंगला टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों की सेवा समाप्ति का मामला अब राजनीतिक स्तर पर भी उठने लगा है। किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रभावित शिक्षकों की सेवा बहाल करने तथा सेवा समाप्ति के आदेश पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से हजारों शिक्षक परिवारों के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट उत्पन्न होने की आशंका है। ऐसे संवेदनशील मामले में सरकार को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए न्यायोचित समाधान निकालना चाहिए। सांसद ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि बिहार के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में कार्यरत उर्दू-बंगला टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों की नियुक्ति विभागीय अधिसूचना संख्या 1769, दिनांक 24 नवंबर 2014 के आलोक में की गई थी। अब प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के पत्रांक 2853, दिनांक-01 अक्टूबर 2026 के आधार पर उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जा रही है। इससे प्रभावित शिक्षकों के भविष्य और उनके परिवारों की आजीविका को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। डॉ. जावेद आजाद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि मामले की निष्पक्ष समीक्षा के लिए संबंधित विभागीय अभिलेखों और न्यायिक आदेशों की जांच कराई जाए। इसके लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने की मांग की गई है। सांसद ने यह भी अनुरोध किया कि समीक्षा की अवधि में नियमानुसार सेवा समाप्ति की कार्रवाई पर रोक लगाने और प्रभावित शिक्षकों को अंतरिम राहत देने पर विचार किया जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी अंतिम निर्णय से पहले संबंधित शिक्षकों का पक्ष सुनने का उचित अवसर मिलना चाहिए। सभी तथ्यों, विभागीय दस्तावेजों और न्यायिक निर्देशों की समुचित समीक्षा के बाद ही न्यायसंगत निर्णय लिया जाना चाहिए। सांसद ने कहा कि यह मामला केवल शिक्षकों की नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका और भविष्य से जुड़ा है। लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के मामले में संवेदनशीलता और निष्पक्षता जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार सरकार मामले की गंभीरता को देखते हुए सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी और उर्दू-बंगला टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों की सेवा बहाली तथा उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए उचित निर्णय लेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह