home page

अरुण गोविल 23 को तुलसी जयंती सप्ताह में आएंगे नवादा

 | 
अरुण गोविल 23 को तुलसी जयंती सप्ताह में आएंगे नवादा


नवादा, 21 अगस्त (हि.स.)।

तुलसी जयंती के पावन अवसर पर आगामी 23 अगस्त को मॉडर्न इंग्लिश स्कूल कुंतीनगर, नवादा (बिहार) में भव्य तुलसी जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

समारोह में रामानंद सागर के लोकप्रिय धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान श्रीराम की अविस्मरणीय भूमिका निभाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता एवं मेरठ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल का नवादा की धरती पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।

इस अवसर पर मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, नवादा के लगभग 5,000 छात्र-छात्राएँ एक साथ श्रीरामचरितमानस के ‘धनुष यज्ञ’ एवं ‘सीता स्वयंवर’ प्रसंग का सामूहिक संगीतमय गायन प्रस्तुत करेंगे।

हजारों विद्यार्थियों की सामूहिक सहभागिता से आयोजित यह अनूठा एवं भव्य सांस्कृतिक आयोजन तुलसीदास जी की अमर कृति रामचरितमानस के प्रति श्रद्धा एवं भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को समर्पित होगा।

मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, नवादा की ओर से समस्त नवादा जिलावासियों से सादर अनुरोध है कि इस ऐतिहासिक एवं भव्य तुलसी जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएँ तथा अरुण गोविल के स्वागत एवं अभिनंदन के इस विशेष अवसर के साक्षी बनें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन