दूसरी बार सांसद बनने के बाद त्रिलोकधाम गोसपुर पहुंचे दिलेश्वर कामैत, हुआ भव्य स्वागत
सुपौल, 06 सितंबर (हि.स.)। दूसरी बार सांसद निर्वाचित होने के बाद त्रिलोकधाम गोसपुर में रविवार को आगमन पर सांसद दिलेश्वर कामैत का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर त्रिलोकधाम गोसपुर में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मैथिल पंडित आचार्य धर्मेंद्रनाथ मिश्र एवं एमएम महाराज के नेतृत्व में सांसद दिलेश्वर कामैत का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंगवस्त्र, चादर एवं पाग पहनाकर अभिनंदन किया गया। स्वागत के दौरान उपस्थित लोगों ने सांसद के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर आचार्य धर्मेंद्रनाथ मिश्र ने कहा कि सांसद का त्रिलोकधाम गोसपुर में दोबारा आगमन क्षेत्रवासियों के लिए प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने सांसद के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई।
समारोह में अवधेश झा, जगदीश झा, बजरंगी, दिवाकर झा, ज्योतींद्र नाथ मिश्र, ललित झा, हरेंद्रनाथ मिश्र, सुपौल से जीवन झा, बबलू मिश्र सहित बड़ी संख्या में लोग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। समारोह के दौरान माहौल उत्साहपूर्ण एवं आध्यात्मिक बना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

