home page

बहादुरपुर में आधुनिक आवासीय विकास का मार्ग प्रशस्त, एनबीसीसी के साथ होगा एमओयू

 | 
बहादुरपुर में आधुनिक आवासीय विकास का मार्ग प्रशस्त, एनबीसीसी के साथ होगा एमओयू


पटना, 30 सितंबर (हि.स.)। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि बिहार राज्य आवास बोर्ड की बहादुरपुर, सेक्टर-6, पटना स्थित जर्जर आवासीय कॉलोनी के स्व-वित्तपोषित पुनर्विकास (रिडेवलपमेंट) की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस परियोजना के क्रियान्वयन के लिए एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) करने तथा योजना से संबंधित आवश्यक निर्णय लेने हेतु बिहार राज्य आवास बोर्ड को प्राधिकृत करने की स्वीकृति मंत्रिपरिषद द्वारा प्रदान की गई है।

उन्होंने बुधवार काे अपने कार्यालय कक्ष में बताया कि इसी प्रकार बहादुरपुर, सेक्टर-5 में टीवी टावर के निकट बिहार राज्य आवास बोर्ड की लगभग 8.5 एकड़ भूमि पर स्व-वित्तपोषित परियोजना के विकास का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है। इस परियोजना के क्रियान्वयन के लिएएनबीसीसी(इंडिया) लिमिटेड. के साथ एमओयू करने तथा योजना से संबंधित आवश्यक निर्णय लेने हेतु बिहार राज्य आवास बोर्ड को प्राधिकृत करने की स्वीकृति मंत्रिपरिषद द्वारा दी गई है।

नीतीश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी के दूरदर्शी विज़न और सशक्त नेतृत्व में बिहार के शहरी क्षेत्रों के समग्र एवं आधुनिक विकास को नई दिशा मिल रही है। बहादुरपुर की आवासीय परियोजनाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री जी तथा मंत्रिपरिषद के सभी सम्मानित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि सरकार नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इन दोनों परियोजनाओं के माध्यम से उपलब्ध भूमि एवं आवासीय परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करते हुए आधुनिक एवं सुव्यवस्थित आवासीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। जर्जर आवासीय परिसरों के पुनर्विकास से सुरक्षित और बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी