मुख्यमंत्री के समक्ष होटल अजातशत्रु विहार, राजगीर के संचालन हेतु एमओयू पर हुआ हस्ताक्षर
पटना, 21 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में मंगलवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (बीएसटीडीसी) के राजगीर अवस्थित होटल अजातशत्रु के संचालन हेतु लीजधारी एवं वेलकम होटल (आइटीसी समूह) के बीच एकरारनामा किया गया। यह समझौता बिहार में विश्वस्तरीय पर्यटन अवसंरचना के विकास तथा पर्यटकों को उच्च गुणवत्ता की आतिथ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर 'आइटीसी समूह' के प्रबंध निदेशक अनिल चड्डा एवं कलशी बिल्डकॉन के निदेशक सुमीत सिंह कलशी ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में एमओयू पर हस्ताक्षर कर आदान-प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राजगीर, नालंदा, बोधगया तथा अन्य ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों पर बेहतर पर्यटकीय सुविधाओं का विकास किया गया है। प्रतिष्ठित आतिथ्य समूहों की सहभागिता से बिहार का पर्यटन क्षेत्र नई पहचान प्राप्त करेगा तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि होटल अजातशत्रु का वेलकम होटल (आइटीसी समूह) के रूप में संचालन राजगीर को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान होटल अजातशत्रु विहार, राजगीर के संचालन हेतु वेलकम होटल (आइटीसीसमूह) के संबंध में एक प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि राजगीर स्थित होटल अजातशत्रु का संचालन वेलकम होटल (आइटीसीसमूह) ब्रांड के अंतर्गत किया जाएगा।
लगभग 2.67 एकड़ क्षेत्र में फैले इस होटल परिसर में 104 आधुनिक कमरे, एक बड़ा बैंक्वेट हॉल सहित अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आतिथ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस परियोजना को '1 मार्च, 2027' तक पूर्ण कर परिचालन प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव सह पर्यटन विभाग के सचिवलोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर, आईटीसी समूह के प्रबंध निदेशक अनिल चड्डा एवं कलशी बिल्डकॉन के निदेशकसुमित सिंह कल्शी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

