home page

60 से अधिक दिव्यांगजनों को सांसद ने वितरित किए सहायक उपकरण

 | 
60 से अधिक दिव्यांगजनों को सांसद ने वितरित किए सहायक उपकरण


सुपौल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को त्रिवेणीगंज स्थित बुनियाद केंद्र परिसर में सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद दिलेश्वर कामैत ने की। इस दौरान 60 से अधिक दिव्यांगजनों के बीच एडिप योजना के तहत विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण एवं उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत दिव्यांगजनों को विभिन्न अधिकार और सुविधाएं प्रदान करने का प्रावधान है। सरकारी नौकरियों में दिव्यांगजनों के लिए चार प्रतिशत तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में पांच प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों से इन सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। सांसद ने कहा कि वितरण सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद जो दिव्यांगजन किसी कारणवश कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, वे अपनी सुविधानुसार संबंधित बुनियाद केंद्र पहुंचकर अपना सहायक उपकरण प्राप्त कर सकते हैं।

गौरतलब है कि एडिप योजना केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से संचालित की जाती है। इसके तहत सरकारी कंपनी एलिम्को के माध्यम से दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, कृत्रिम अंग, बैसाखी, स्मार्ट केन और विशेष शिक्षण संबंधी उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। जिले में 28 से 30 अक्टूबर तक सुपौल, बसंतपुर, त्रिवेणीगंज और निर्मली स्थित बुनियाद केंद्रों पर सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 300 से अधिक सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी सहायक निदेशक दिव्यांगजन दिवेश कुमार शर्मा, एलिम्को के प्रतिनिधि नंदन यादव, बुनियाद केंद्र के डीपीएम इकबाल हाशिम सहित सोनेलाल कामैत, अजय आनंद, शंभू गुप्ता, अनिल चौधरी, सुधीर मेहता, ब्रह्मानंद झा, दीपक कामैत, मो. दुलार समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र