home page

जिला उर्दू भाषा कोषांग की मासिक बैठक संपन्न

 | 
जिला उर्दू भाषा कोषांग की मासिक बैठक संपन्न


सारण, 05 जून (हि.स.)। जिला उर्दू भाषा कोषांग की मासिक बैठक प्रभारी पदाधिकारी सह उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर तैनात उर्दू अनुवादक, लिपिक और अन्य कर्मियों ने हिस्सा लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी पदाधिकारी जावेद एकबाल ने सभी कर्मियों को अपने एक माह के कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग उर्दू निदेशालय, बिहार के निर्देशानुसार सभी उर्दू कर्मियों को सप्ताह में एक दिन अपने क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों का भ्रमण करना होगा।

इस संबंध में जिलाधिकारी का स्पष्ट आदेश प्राप्त हो चुका है। आदेश के अनुसार सभी उर्दू कर्मी प्रत्येक सप्ताह के बुधवार अवकाश होने पर अगले दिन सरकारी स्कूलों का दौरा करेंगे।

इस दौरान वे उर्दू भाषी छात्रों की संख्या, उर्दू प्रश्न पत्रों व किताबों की उपलब्धता और उर्दू शिक्षकों के रिक्त पदों से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर नियंत्री पदाधिकारी के माध्यम से जिला उर्दू भाषा कोषांग को सौंपेंगे।

इसके अतिरिक्त, सभी कर्मी सरकारी कार्यालयों, भवनों और स्कूलों के नाम हिंदी के साथ-साथ उर्दू में भी लिखवाने का प्रयास करेंगे। बैठक में जिला उर्दूनामा पत्रिका के आगामी अंक के प्रकाशन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

इस मौके पर मोहम्मद हारून रशीद, केएम रेशमा तबस्सुम, मोहम्मद तारिक, शिशु पाल कुमार, मोहम्मद सैफुर रहमान और अफसाना परवीन सहित कई कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार