home page

विधायक की पहल से बाघ हमला के पीड़ित परिवार को मिली राहत

 | 
विधायक की पहल से बाघ हमला के पीड़ित परिवार को मिली राहत


पश्चिम चम्पारण (बगहा), 4जुलाई(हि.स.)। वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने की दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए वाल्मीकिनगर विधायक के प्रयास से वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वन प्रमंडल-2) ने बाघ के हमले में मृत स्वर्गीय अकलू यादव के परिजनों को 10 लाख रुपया की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान कर दी है।

विधायक सुरेन्द्र प्रसाद ने बताया कि नौरंगिया और सिरीसिया क्षेत्र में बाघ तथा मगरमच्छ के हमलों में मृत एवं घायल हुए लोगों के मुआवजे की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है,उन्होंने कहा कि सभी पात्र पीड़ितों को सरकार के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जायेगी।

उन्होंने कहा कि मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को देखते हुए ग्रामीणों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। जंगल से सटे गांवों के लोग बिना पर्याप्त सुरक्षा के वन क्षेत्र या उसके आसपास स्थित खेतों में अकेले न जाय। यदि किसी क्षेत्र में बाघ, मगरमच्छ या अन्य वन्यजीवों की गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें और विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

विधायक ने वन विभाग से भी आग्रह किया कि वन क्षेत्र से लगे गांवों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाय। ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के उपाय, आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा वन विभाग से तत्काल संपर्क की प्रक्रिया के बारे में नियमित रूप से जानकारी दी जाय, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि वन विभाग, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों के आपसी सहयोग तथा जागरूकता से ही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी