home page

जल्द एआई हब के रूप में विकसित होगा भागलपुर : रोहित पांडेय

 | 
जल्द एआई हब के रूप में विकसित होगा भागलपुर : रोहित पांडेय


भागलपुर, 01 मार्च (हि.स.)। होली के बाद मई-जून में उद्योगपतियों के साथ भागलपुर में एक बड़े इंडस्ट्रियल और एआई सम्मिट की संभावना जताई जा रही है। यह जानकारी भागलपुर के भाजपा विधायक रोहित पांडेय ने रविवार को दी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित एआई सम्मिट के बाद अब भागलपुर को भी एआई हब के रूप में विकसित करने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाएंगे। विधायक रोहित पांडेय ने बताया कि भागलपुर पहले से ही शैक्षणिक और औद्योगिक दृष्टि से मजबूत आधार रखता है। यहां ट्रिपल आईटी, इंजीनियरिंग कॉलेज और एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी जैसी संस्थाएं मौजूद हैं, जो तकनीकी और शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार और उद्योग जगत मिलकर काम करें तो भागलपुर को पूर्वी भारत का एक प्रमुख टेक्नोलॉजी और एआई केंद्र बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित हो रहे भागलपुर में आधारभूत संरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। बेहतर सड़क, बिजली, इंटरनेट कनेक्टिविटी और प्रशासनिक सहयोग के कारण उद्योगपतियों के लिए यह शहर एक बेहतर विकल्प बन सकता है।

विधायक ने विशेष रूप से भागलपुर की पहचान रही सिल्क इंडस्ट्री को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की बात कही। उनका मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों के इस्तेमाल से सिल्क उद्योग को वैश्विक बाजार तक पहुंचाया जा सकता है। इसके अलावा फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री को भी बढ़ावा देने की दिशा में काम चल रहा है, जिससे स्थानीय किसानों और उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सम्मिट में देश के बड़े उद्योगपति, टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ और निवेशक शामिल हो सकते हैं। इस मंच के माध्यम से भागलपुर में निवेश के नए अवसर तलाशे जाएंगे और युवाओं के लिए रोजगार के दरवाजे खुलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर