home page

लोकसभा का घटनाक्रम लोकतंत्र की गरिमा और नारी सम्मान के लिए चिंताजनक : ईं शैलेन्द्र

 | 
लोकसभा का घटनाक्रम लोकतंत्र की गरिमा और नारी सम्मान के लिए चिंताजनक : ईं शैलेन्द्र


भागलपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिले में बिहपुर के राजग कार्यालय में शनिवार को भाजपा विधायक ईं शैलेंद्र ने कहा कि लोकसभा में जो घटनाक्रम देखने को मिला, वह लोकतंत्र की गरिमा और नारी सम्मान दोनों के लिए चिंताजनक संकेत है। इस मौके पर भाजपा नेता उत्तम कुमार भी उपस्थित थे।

विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में हर निर्णय का उत्तर समय देता है। यह भी उससे अछूता नहीं रहेगा। नारी सम्मान और भागीदारी से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। यह संकल्प अडिग है। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़े महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रावधान पर कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और समाजवादी पार्टी का रुख यह दर्शाता है कि देश की आधी आबादी की आकांक्षाओं को लेकर उनकी सोच कितनी स्पष्ट है।

ईं शैलेंद्र ने कहा कि यह केवल राजनीतिक मतभेद का विषय नहीं, बल्कि मातृशक्ति के अधिकारों और भागीदारी से जुड़ा गंभीर प्रश्न है। जिस विषय पर व्यापक सहमति बननी चाहिए थी। वहां विरोध और उसे हल्के में लेने का प्रयास यह बताता है कि प्राथमिकताएं क्या हैं।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो गौतम, जिला महामंत्री प्रभुनंदन चौधरी, विस संयोजक दिनेश यादव, बीएलए वन ईं कुमार गौरव और उत्तम कुमार आदि ने कहा कि महिलाओं को उनका उचित स्थान देने में देरी या बाधा, उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा अवरोध है। देश की नारी शक्ति आज जागरूक और सजग है। सब देख-समझ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर