home page

एक साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच पहुंचे विधायक आनंद मिश्रा, विकास कार्यों का दिया हिसाब

 | 
एक साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच पहुंचे विधायक आनंद मिश्रा, विकास कार्यों का दिया हिसाब


बक्सर, 20 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर बक्सर सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक आनंद मिश्रा ने शुक्रवार को अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने प्रस्तुत किया।

जासो रोड स्थित कमल सेवा केंद्र के विधायक कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने एक वर्ष के दौरान किए गए प्रयासों, विकास योजनाओं, उपलब्धियों और आगामी प्राथमिकताओं की जानकारी दी। इस मौके पर राजग के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन (भाजपा), ऋषि राय (हम), राजकुमार शर्मा (जदयू), विंध्याचल सिंह कुशवाहा (रालोमो) तथा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय मौजूद रहे।

पत्रकार वार्ता में विधायक आनंद मिश्रा ने कहा कि 14 नवंबर 2025 को जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें विधानसभा पहुंचाया, वह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि विकास और जवाबदेही उनकी कार्यशैली के दो प्रमुख आधार हैं। चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादे के अनुरूप उन्होंने अपने कार्यों का हिसाब सार्वजनिक किया है, ताकि लोग जान सकें कि कौन से काम पूरे हुए, किन पर प्रगति हो रही है और किन समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास जारी हैं।

विधायक ने अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि बक्सर में 23 वर्षों से लंबित केंद्रीय विद्यालय के भूमि विवाद के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। वहीं, केंद्रीय कारा परिसर में स्थित भगवान वामन के प्राचीन मंदिर को जेल परिसर से अलग कर श्रद्धालुओं के लिए स्वतंत्र रास्ता और सीमा दीवार उपलब्ध कराने की पहल को कैबिनेट की स्वीकृति मिली है। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था और जनसुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इसके अलावा रेल ओवरब्रिज निर्माण, एक्सप्रेसवे से जुड़ाव, गंगा पुल परियोजना और आधुनिक सीवरेज व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बक्सर की समस्याओं और क्षेत्र की जरूरतों को विधानसभा में मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है।

जनता के प्रति पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए विधायक कार्यालय की ओर से AnandMishra.org डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। इसके माध्यम से लोग मोबाइल पर ही विधानसभा में उठाए गए मुद्दों, जनसंवाद कार्यक्रमों, शिकायतों, बिजली समस्याओं, ग्रामीण सड़क योजनाओं, भगवान वामन मंदिर से जुड़े प्रयासों और विधायक निधि से अनुशंसित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

विधायक ने कहा कि एक वर्ष में सभी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। कुछ कार्य पूरे हुए हैं, जबकि कई योजनाओं पर काम जारी है। आने वाले वर्ष में विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनता को उनसे सवाल पूछने और काम का हिसाब मांगने का पूरा अधिकार है। बक्सर का विकास सामूहिक प्रयास से ही संभव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra