home page

मिथिला विभूति पर्व में कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां, खूब गूंजीं तालियां

 | 
मिथिला विभूति पर्व में कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां, खूब गूंजीं तालियां


दरभंगा, 24 नवंबर (हि.स.)। डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के दूसरे दिन सोमवार की संध्या कवि सम्मेलन के नाम रही। मिथिला के प्रसिद्ध एवं नवोदित कवियों ने अपनी हास्य, व्यंग्य, वीर रस और समसामयिक रचनाओं से श्रोताओं को खूब आनंदित किया। काव्य पाठ के दौरान परिसर देर तक तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा।

कवि सम्मेलन का उद्घाटन जिलाधिकारी कौशल कुमार, पूर्व मंत्री डॉ. मदन मोहन झा एवं कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. देवनारायण झा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सम्मेलन की शुरुआत नवोदित कवयित्री प्रियंका ने मिथिला की ज्वलंत समस्याओं पर आधारित कविता पाठ से की। डॉ. संजीत कुमार झा सरस ने अपनी हास्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। वहीं, सम्मेलन का संचालन कर रहे प्रसिद्ध कवि फूलचंद्र झा प्रवीण ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक विसंगतियों पर प्रहार किया।

डॉ. विजय शंकर झा, शंभूनाथ मिश्रा, हरिश्चंद्र झा हरित, चंद्रमोहन झा पड़वा, कवयित्री सोनी चौधरी एवं डॉ. सत्येंद्र कुमार झा ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही बटोरी। सियाराम झा सरस की अध्यक्षता एवं डॉ. चंद्रमणि झा के संयोजन में आयोजित सम्मेलन में डॉ. श्याम बिहारी राय सरस, अमित कुमार मिश्र, रूपम झा, प्रीतम निषाद, विनय विश्वबंधु एवं आनंद मोहन झा ने भी काव्य पाठ किया।

इससे पूर्व मिथिला नाटक एवं डांस क्लास की बच्चियों ने मिथिला की परंपरा, महाकवि विद्यापति की कविताओं एवं संगीत पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra