home page

मिशन परिवार विकास पखवाड़ा के तहत सारथी रथ रवाना

 | 
मिशन परिवार विकास पखवाड़ा के तहत सारथी रथ रवाना


सुपौल, 15 सितंबर (हि.स.)। मिशन परिवार विकास पखवाड़ा के अंतर्गत परिवार कल्याण कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजन को परिवार नियोजन की सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को सारथी रथ का शुभारंभ किया गया। राज्य स्तर से उपलब्ध कराए गए इस सारथी रथ को सिविल सर्जन, सुपौल डॉ. बाबू साहब झा एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक , जिला सामुदायिक उत्प्रेरक जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने जन-जागरूकता के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। सारथी रथ निर्धारित रूट प्लान के अनुसार 15 सितंबर से 18 सितंबर तक जिले के सभी प्रखंडों में भ्रमण करेगा।

इस दौरान परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत उपलब्ध विभिन्न परिवार नियोजन सेवाओं एवं साधनों, उनके महत्व तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में लोगों को जानकारी दी जाएगी।

अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना, जिम्मेदार मातृत्व को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ परिवार की अवधारणा को मजबूत करना है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आमजन से परिवार कल्याण संबंधी सेवाओं का लाभ उठाने एवं इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र