हाथ-पैर बंधी बेहोशी अवस्था में मिला गायब युवक, 55 हजार रुपये छीनने का आरोप
सुपौल, 12 अगस्त (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र से मंगलवार की दोपहर से गायब 18 वर्षीय युवक बुधवार को अमहा पंचायत के भट्टावारी गांव स्थित एक बांसबाड़ी में हाथ-पैर बंधे और बेहोशी की अवस्था में मिला।
बताया जाता है कि गढ़िया निवासी सर्वानन्द कुमार मंगलवार की दोपहर बैंक से करीब 55 हजार रुपये नकद निकालकर अपनी बाइक ठीक कराने के लिए पिपरा बाजार स्थित एक एजेंसी में गया था। उसने अपनी बाइक एजेंसी में जमा कर दी और वहां से निकल गया। इसके बाद वह बाइक लेने के लिए एजेंसी नहीं पहुंचा और न ही देर रात तक घर लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रातभर विभिन्न स्थानों पर तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को अमहा पंचायत के भट्टावारी गांव स्थित एक बांसबाड़ी में स्थानीय लोगों की नजर हाथ-पैर बंधे बेहोश पड़े युवक पर पड़ी। लोगों ने उसकी पहचान सर्वानन्द कुमार के रूप में की। इसके बाद परिजनों और डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिपरा में भर्ती कराया। सीएचसी पिपरा में मौजूद चिकित्सक एमडी अकरम ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे बाहर रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार सर्वानन्द की हालत काफी नाजुक है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि युवक के पास मौजूद करीब 55 हजार रुपये नकद गायब हैं।इस संबंध में पिपरा के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। युवक के साथ वास्तव में क्या हुआ और उसके हाथ-पैर बांधकर उसे बांसबाड़ी में किसने छोड़ा, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

