लापता युवक का संदिग्ध हालात में शव बरामद, स्मैक के नशे में विवाद के बाद हत्या की आशंका
सीवान, 21 जून (हि.स.)। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खुरमाबाद मुहल्ले में शुक्रवार से लापता एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव शनिवार की देर रात बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक के परिजनों ने स्मैक के नशे में हुए आपसी विवाद के बाद उसके साथियों द्वारा हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मृतक की पहचान खुरमाबाद तकिया निवासी अहमद अली के 23 वर्षीय पुत्र बाबू हसन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बाबू हसन शुक्रवार की दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल फोन भी बंद मिलने लगा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
शनिवार की देर रात स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि खुरमाबाद स्थित एक एकांत मकान के कमरे से तेज दुर्गंध आ रही है।सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो कमरे के अंदर बाबू हसन का शव पड़ा मिला।
परिजनों का आरोप है कि शव की स्थिति बेहद संदिग्ध थी। मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के कई निशान मौजूद थे। इसके बाद डायल 112 और मुफ्फसिल थाना पुलिस को तत्काल सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खुरमाबाद क्षेत्र में लंबे समय से खुलेआम स्मैक का कारोबार चल रहा है। लोगों का दावा है कि जिस कमरे से शव बरामद हुआ, वहां अक्सर नशा करने वालों का जमावड़ा लगता था। हालांकि भय और दबाव के कारण आसपास के लोग इसकी शिकायत करने से कतराते रहे हैं।
मुफ्फसिल थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम, गश्ती पदाधिकारी और डायल 112 के जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की गई। प्रथम दृष्टया स्थानीय लोगों द्वारा स्मैक के नशे में हुए विवाद की बात सामने आई है।
उन्होंने कहा कि युवक की हत्या हुई है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं युवक की मौत से परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में चल रहे नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

