वर्ग संचालन के दौरान कक्षा में घुसकर महिला शिक्षिका के साथ धक्का मुक्की
अररिया 23 अक्टूबर(हि.स.)। फारबिसगंज के वार्ड संख्या चौदह स्थित बाल मध्य विद्यालय में शुक्रवार को वर्ग संचालन के दौरान आपराधिक प्रवृति का एक युवक कक्षा में घुसकर महिला शिक्षिका के साथ दुर्व्यवहार और धक्का मुक्की की।घटना दिन के 11 बजकर 40 मिनट की बताई जाती है।आपराधिक प्रवृति का युवक विद्यालय के चाहरदीवारी नहीं रहने के कारण परिसर में घुसकर सीधे वर्ग पांच के कक्षा में घुस गया और भीतर से दरवाजा बंद कर लिया।कक्षा ले रही महिला शिक्षिका ने जब इसका विरोध किया तो युवक महिला शिक्षिका के साथ धक्का मुक्की करने लगा,जिसके बाद विद्यालय के अन्य शिक्षक और रसोइया मौके पर पहुंचकर बंद दरवाजा खुलवाया,जिसके बाद युवक चहारदीवारी नहीं रहने के कारण मौके से फरार हो गया।हालांकि स्कूल के शिक्षकों ने युवक की तस्वीर अपने मोबाइल में बना लिया।मामले को लेकर विद्यालय के शिक्षकों ने फारबिसगंज थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
थानाध्यक्ष को दिए गए आवेदन में बताया गया कि विद्यालय में चहारदीवारी नहीं रहने के कारण स्कूल परिसर आपराधिक प्रवृति के लोगों का अड्डा बन गया है और पूर्व में भी परिसर में आकर नशेड़ी नशा करते हैं। मना करने पर शिक्षिकाओं को मारने की धमकी दिया जाता रहा है।स्कूल में युवक द्वारा किए गए कृत्य से स्कूल में बच्चों और बच्चियों के साथ शिक्षक शिक्षिकाओं में भय का माहौल है।स्कूल में शैक्षणिक वातावरण को भी इससे काफी नुकसान पहुंच रहा है।
आवेदन में स्कूल के शिक्षकों ने हस्ताक्षर किए हैं।गुहार लगाने वाले शिक्षक शिक्षिकाओं में सुनीता देवी,पल्लवी कुमारी,रंजू गुप्ता,मो.रईस अंसारी,आशिया प्रवीण,रंजिता कुमारी,स्मिता कुमारी,मो.नौशाद आलम आदि हैं।मामले को लेकर फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने आवेदन मिलने की बात करते हुए युवक की शिनाख्त कर गिरफ्तारी करने और जांच कर स्कूल में सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जाने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

