मैट्रिक परीक्षा के दबाव में घर से निकला नाबालिग, टेबल पर छोड़ गया पत्र
किशनगंज, 26 सितंबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के धर्मशाला रोड से 15 वर्षीय नाबालिग छात्र के बिना बताए घर से लापता होने का मामला सामने आया है। लापता छात्र प्रियांश पीयूष, पिता पीयूष मोदी है। मामले में छात्र के पिता के बयान पर शनिवार को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार प्रियांश शनिवार सुबह रोज की तरह कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने और कोचिंग भी नहीं पहुंचने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घर के टेबल पर छात्र का लिखा एक पत्र मिला।
पत्र में उसने मैट्रिक परीक्षा और पढ़ाई के मानसिक दबाव का जिक्र करते हुए बिना बताए कहीं चले जाने की बात लिखी है। परिजनों के अनुसार छात्र अपने साथ मोबाइल फोन भी ले गया है, लेकिन लगातार कॉल करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं कर रहा है। इसके बाद परिजन ने सदर थाना पहुंचकर पुलिस से छात्र की बरामदगी की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अवर निरीक्षक सरवर इमाम को अनुसंधानकर्ता बनाया गया है। पुलिस मोबाइल लोकेशन के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर छात्र का पता लगाने में जुटी है। सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि छात्र की तलाश जारी है और जल्द बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

