home page

गंगा जमींदारी तटबंध को एकल प्वाइंट के रूप में किया जाएगा विकसित : ईं शैलेंद्र

 | 
गंगा जमींदारी तटबंध को एकल प्वाइंट के रूप में किया जाएगा विकसित : ईं शैलेंद्र


गंगा जमींदारी तटबंध को एकल प्वाइंट के रूप में किया जाएगा विकसित : ईं शैलेंद्र


भागलपुर, 28 मई (हि.स.)। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक ई. शैलेंद्र गुरुवार को बिहपुर एनडीए कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एनडीए नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

इस दौरान मंत्री ने विभिन्न मामलों के त्वरित निपटारे के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इसके बाद मंत्री ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर विकास योजनाओं एवं क्षेत्रीय समस्याओं का जायजा लिया।

मंत्री ने बताया कि राघोपुर से काजीकोरैया के बीच कैंची प्वाइंट के बाद नरकटिया से नन्हकार तक गंगा जमींदारी तटबंध को एकल प्वाइंट के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि बीच में किसी प्रकार का कैंची प्वाइंट न रहे।

उन्होंने कहा कि तटबंध पर कालीकरण कराया जाएगा, जिससे यह सड़क जाह्नवी चौक से सीधे नन्हकार एनएच-31 तक एक वैकल्पिक बायपास मार्ग का रूप ले लेगी।

मंत्री ने कहा कि नरकटिया के पास धार पर गंगा दियारा क्षेत्र जाने के लिए पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही जमींदारी तटबंध में वर्तमान स्लूईस को गलत स्थान पर बताते हुए उसे उचित जगह स्थानांतरित कर तटबंध को और अधिक सुरक्षित बनाने की बात कही।

उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में नन्हकार से मौजमा तक सड़क निर्माण कराया जाएगा, जो जीएफसीसी परियोजना का ही हिस्सा होगा।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश यादव, जिला महामंत्री प्रभुनंदन चौधरी, राजीव उर्फ नूनू चौधरी, सौरव, रविशंकर, दिलीप सिंह, बाल्मिकी मंडल, ब्रजेश चौधरी, रूपेश रूप, नीतेश चौधरी, अमित सिंह, कन्हैया झा एवं सौरव सावर्ण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रो गौतम ने बताया कि गुरुवार को ही मंत्री ईं. शैलेंद्र ने खरीक प्रखंड के उस्मानपुर, करहरू सहित अन्य गांवों का दौरा कर सोमवार एवं मंगलवार की रात आई भीषण आंधी-बारिश से तबाह हुए केला बगानों का निरीक्षण किया।

उन्होंने बिहपुर और खरीक प्रखंड के उन इलाकों का भी जायजा लिया, जहां तेज आंधी में घरों के साथ-साथ लीची और आम से लदे पेड़ पूरी तरह धराशायी हो चुके हैं। कई स्थानों पर पूरे के पूरे बागीचे जमीन पर गिर चुके थे।

किसानों ने मंत्री को अपनी पीड़ा बताते हुए भारी आर्थिक नुकसान की जानकारी दी। मंत्री इं. शैलेंद्र ने पीड़ित परिवारों एवं किसानों से बातचीत कर हरसंभव सहयोग एवं सरकारी राहत दिलाने का भरोसा दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर