home page

सोनवर्षा उच्च विद्यालय के सौंदर्यीकरण कार्य का मंत्री ईं शैलेंद्र ने किया निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश

 | 
सोनवर्षा उच्च विद्यालय के सौंदर्यीकरण कार्य का मंत्री ईं शैलेंद्र ने किया निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश


भागलपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने गुरुवार को बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सोनवर्षा उच्च विद्यालय में चल रहे सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और उसकी गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मौके पर उपस्थित साइट इंचार्ज और संबंधित अधिकारियों को कार्यों को पूरी पारदर्शिता, उच्च गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं विद्यार्थियों के अनुकूल बनाया जाना बेहद जरूरी है, ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए एक आदर्श वातावरण मिल सके। निरीक्षण के बाद मंत्री ईं शैलेंद्र ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि विद्यालयों का सुव्यवस्थित, आधुनिक और आकर्षक परिसर बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ाने में मदद करता है। यह उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मंत्री ने राज्य सरकार के विजन को दोहराते हुए कहा, हमारा संकल्प शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार करना और बिहार के हर बच्चे के लिए बेहतर से बेहतर अवसर पैदा करना है। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी शैक्षणिक संस्थानों का कायाकल्प किया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी शहरों जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद और ग्रामवासी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर