हार के बाद वोट चोरी का बहाना बनाता है विपक्ष': नीतीश मिश्रा
भागलपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)।
नगर विकास मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने भागलपुर में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में घोषणा की है कि आगामी दो नवंबर को भागलपुर में 'लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ' पदयात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस पदयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद नितिन नवीन का भागलपुर में यह पहला आधिकारिक दौरा होगा।
मंत्री नीतीश मिश्रा ने आम जनता से अपील की है कि वे इस पदयात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और देश को अराजकता की ओर धकेलने वाली ताकतों को करारा जवाब दें।
तय कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 10 बजे एनडीए घटक दलों के नेता, कार्यकर्ता और शहरवासी लाजपत पार्क मैदान में एकत्रित होंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे एक जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसके समापन के बाद पदयात्रा का आगाज होगा। लगभग एक किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा लाजपत पार्क मैदान से शुरू होकर नागरमल मॉल और भामाशाह चौक होते हुए घंटाघर चौक पर पहुंचकर संपन्न होगी।
इसमें शहरवासियों की भी बड़ी भागीदारी रहने की उम्मीद है। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री नीतीश मिश्रा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक निष्पक्ष संवैधानिक संस्था है, जिसका कार्य देश और राज्यों में पारदर्शिता से चुनाव कराना है। लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दल 'वोट चोरी' का झूठा माहौल तैयार कर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, विपक्ष की जहां सरकार बन जाती है, वहां चुनाव प्रणाली ठीक रहती है, लेकिन जहां जनता उन्हें नकार देती है, वहां वे तुरंत वोट चोरी का राग अलापने लगते हैं। बिहार में भी विपक्ष ने ऐसी मुहिम चलाई थी, जिसे जनता ने सिरे से नकार दिया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में देश की जनता अपने मत से एक बार फिर सब तय कर देगी।
इस महत्वपूर्ण घोषणा के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, विधायक रोहित पांडे, मेयर डॉ. बसुंधरा लाल, योगेश पांडे, नीतेश सिंह और प्रणिक वाजपेयी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे। प्रेस वार्ता के बाद मंत्री ने नगर निगम के पार्षदों और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ भी एक विशेष बैठक की, जिसमें पदयात्रा को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की रणनीति पर मंथन किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

