home page

मंत्री ने विक्रमशिला सेतु के मरम्मत कार्य का किया निरीक्षण, समय कार्य पूरा करने के लिए निर्देश

 | 
मंत्री ने विक्रमशिला सेतु के मरम्मत कार्य का किया निरीक्षण, समय कार्य पूरा करने के लिए निर्देश


भागलपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। बिहार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक ईं कुमार शैलेन्द्र ने सोमवार को भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के मरम्मत कार्य का स्थल निरीक्षण किया।

इस दौरान मंत्री ने सेतु के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता नियंत्रण तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों के निष्पादन की जानकारी ली।

इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मत का कार्य हर हाल में 30 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाये।

मंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जायेगी। मंत्री ने कहा कि सेतु के पुनर्स्थापन कार्य के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाये।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और कार्य की नियमित निगरानी की जाये, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।

मंत्री ने डिस्मेंटलिंग कार्य के लिए बनाये जा रहे स्टेजिंग निर्माण की भी समीक्षा की। मंत्री ने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया कि स्टेजिंग निर्माण निर्धारित गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा किया जाये।

मंत्री ने कहा कि आगामी चरण में बेली ब्रिज को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए बीआरओ के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तकनीकी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए बेली ब्रिज हटाने का कार्य सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाये।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्माण कार्यों को तकनीकी मानकों के अनुरूप समय पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर