home page

खान एवं भूतत्व विभाग में छह नव-नियुक्त कर्मियों को मिला नियुक्ति पत्र

 | 

-पारदर्शी एवं वैज्ञानिक खनन हमारी प्राथमिकता : डॉ. प्रमोद कुमार

पटना, 30 जून (हि.स.)। बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग में मंगलवार को पांच नव-नियुक्त खनिज विकास पदाधिकारियों तथा एक अनुकंपा आश्रित निम्नवर्गीय लिपिक को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। सचिवालय स्थित विभागीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी नव-नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार के खनिज संसाधनों का पारदर्शी, वैज्ञानिक और सतत विकास विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य के खनिज संसाधनों का प्रभावी प्रबंधन, पर्यावरणीय संतुलन और नियमों के अनुरूप खनन सुनिश्चित करना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि नव-नियुक्त खनिज विकास पदाधिकारी अपनी ऊर्जा, समर्पण, ईमानदारी और कार्यकुशलता के बल पर विभाग को नई दिशा देंगे। साथ ही राज्य के खनन प्रशासन को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मंत्री ने सभी कर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा, निष्पक्षता और पूरी ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान जिन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, उनमें मनीष कुमार, अंकित कुमार, कुमार रविशंकर, सुश्री अंजलि और समीर सवर्ण को खनिज विकास पदाधिकारी तथा राहुल कुमार को अनुकंपा के आधार पर निम्नवर्गीय लिपिक के पद पर नियुक्ति पत्र सौंपा गया।

समारोह के अंत में मंत्री ने सभी नव-नियुक्त कर्मियों को विभागीय दायित्वों के निर्वहन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी कार्यक्षमता और समर्पण से विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक मजबूत होगी तथा राज्य के खनिज क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी