home page

अवैध बालू परिवहन पर खनन विभाग की कार्रवाई, ब्लॉक के पास ट्रैक्टर जब्त

 | 
अवैध बालू परिवहन पर खनन विभाग की कार्रवाई, ब्लॉक के पास ट्रैक्टर जब्त


किशनगंज, 30 सितंबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन एवं खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर बुधवार को खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया।

इस दौरान किशनगंज ब्लॉक के समीप अवैध रूप से बालू का परिवहन करते एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया। छापेमारी के दौरान टीम ने बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। वाहन के चालक को भी हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए किशनगंज थाना को सुपुर्द किया गया है। विभाग की ओर से ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में अवैध खनन और खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत किशनगंज ब्लॉक के पास बालू का अवैध परिवहन करते ट्रैक्टर को पकड़ा गया।

उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। खान निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति या नियमों का उल्लंघन कर बालू एवं अन्य खनिज पदार्थों का खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की टीम विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच और अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखेगी। अधिकारियों ने खनिज पदार्थों के परिवहन में निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह