home page

बालू लदे दो ट्रक समेत स्टोन डस्ट लदा वाहन जब्त, तीनों पर 27.80 लाख का जुर्माना

 | 
बालू लदे दो ट्रक समेत स्टोन डस्ट लदा वाहन जब्त, तीनों पर 27.80 लाख का जुर्माना


किशनगंज, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन और खनन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है।

इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर खनन विभाग ने पौआखाली थाना पुलिस के सहयोग से पेटभरी एनएच के पास संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने बालू लदे दो ट्रकों समेत स्टोन डस्ट लदे एक अन्य ट्रक को जब्त किया। जिला खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने पेटभरी एनएच के समीप वाहनों की जांच की। जांच के क्रम में तीन ट्रकों में खनिज सामग्री का परिवहन किया जा रहा था।

विभागीय टीम ने वाहनों को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए पौआखाली थाना परिसर में सुरक्षार्थ रखा है। खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जब्त वाहनों से संबंधित दस्तावेज एवं खनिज परिवहन के नियमों की जांच की गई। जांच के बाद तीनों वाहनों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई।

तीनों ट्रकों पर कुल 27.80 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है। खनन विभाग की कार्रवाई के बाद अवैध रूप से बालू एवं अन्य खनिजों के परिवहन में लगे वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले में बालू समेत अन्य खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

सड़क मार्गों पर खनिज लदे वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आर्थिक दंड की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह