home page

बेटी की शादी से पहले घर में लाखों की चोरी, जेवर-नगदी समेत 20 लाख की संपत्ति की चोरी

 | 
बेटी की शादी से पहले घर में लाखों की चोरी, जेवर-नगदी समेत 20 लाख की संपत्ति की चोरी


सीवान, 22 जून (हि.स.)। जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र स्थित हलीम टोला में रविवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नगदी, जेवरात, साड़ियां और अन्य कीमती सामान सहित करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित परिवार की बेटी की शादी आगामी नवंबर माह में होने वाली है, जिसके लिए वर्षों से सामान जुटाया जा रहा था।जानकारी के अनुसार हलीम टोला निवासी उमेश प्रसाद के घर में रविवार की रात बिजली लाइन कट जाने के कारण परिवार के सदस्य करीब 12 बजे छत पर सोने चले गए।

इसी दौरान चोर पीछे स्थित शौचालय के सहारे घर की छत पर चढ़ गए और सीढ़ियों के रास्ते आंगन में उतरकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पूजा घर समेत पांच कमरों को खंगाल डाला। इस दौरान घर में रखी तीन आलमारियां, पांच ट्रंक, दस पेटी-बक्से और एक ट्रॉली बैग को तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान निकाल लिए। बताया जाता है कि घटना रात 12 बजे से भोर तीन बजे के बीच हुई।

पीड़ित परिवार के अनुसार चोर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात ले गए। इनमें दो मांगटीका, दो नथिया, चार मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठियां, दो सोने की चेन, नौ जोड़ी पायल, सात चांदी के लॉकेट, चार जोड़ी बिछिया, झुमके, बालियां समेत कई अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा शादी के लिए खरीदी गई 20 नई साड़ियां, 15 बेडशीट, चार घड़ियां तथा 25 हजार रुपये नकद भी चुरा लिए गए।

घटना की जानकारी सोमवार की भोर करीब तीन बजे उस समय हुई जब परिवार की एक महिला वॉशरूम जाने के लिए छत से नीचे उतरी। घर के अंदर सामान बिखरा देख उसने परिजनों को जगाया। इसके बाद पूरे परिवार के होश उड़ गए। चोर चोरी के बाद जेवरात के खाली डिब्बों को घर से पश्चिमोत्तर दिशा में स्थित एक बगीचे में फेंक गए थे, जिन्हें बाद में बरामद किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों तथा ग्रामीणों से पूछताछ की। गृहस्वामी उमेश प्रसाद ने इस संबंध में पुलिस को लिखित आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। वहीं बेटी की शादी से पहले हुई इस बड़ी चोरी ने पीड़ित परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma