home page

मध्याह्न भोजन में गड़बड़ी और बदहाली को लेकर स्कूल में बवाल, छात्रों ने किया हंगामा

 | 
मध्याह्न भोजन में गड़बड़ी और बदहाली को लेकर स्कूल में बवाल, छात्रों ने किया हंगामा


कटिहार, 22 मई (हि.स.)। जिले के समेली प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय दिरा चांदपुर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मध्याह्न भोजन योजना में कथित अनियमितता और विद्यालय की बदहाल व्यवस्था से नाराज छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए। बच्चों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा करते हुए प्रधानाध्यापक के खिलाफ नारेबाजी की और उन्हें तत्काल हटाने की मांग की।

छात्र-छात्राओं का आरोप है कि सरकार द्वारा मध्याह्न भोजन योजना के तहत मिलने वाला अंडा और केला नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा है। कई बच्चों ने कहा कि मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिलने से वे खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। बच्चों का यह भी आरोप है कि विद्यालय में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है और परिसर में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है।

विद्यालय के शौचालय, चापाकल और रसोईघर की बदहाल स्थिति को लेकर भी छात्रों में भारी नाराजगी देखी गई। बच्चों ने बताया कि पीने के पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें रोज परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

स्थिति बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पोठिया थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रधानाध्यापक से पूछताछ की और काफी देर तक छात्रों एवं अभिभावकों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

घटना के बाद शिक्षा व्यवस्था और मध्याह्न भोजन योजना की निगरानी पर सवाल खड़े होने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते विद्यालयों की नियमित जांच होती, तो बच्चों को इस तरह विरोध करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता।

समेली प्रखंड के बीडीओ सत्येंद्र सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है, तो संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय की व्यवस्था में जल्द सुधार किया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई और पोषण दोनों प्रभावित न हों।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह