home page

एमजीसीयू के एमबीए छात्रों ने रक्सौल लैंड पोर्ट का किया शैक्षणिक भ्रमण

 | 
एमजीसीयू के एमबीए छात्रों ने रक्सौल लैंड पोर्ट का किया शैक्षणिक भ्रमण


-व्यापार एवं लॉजिस्टिक्स प्रक्रियाओं की प्राप्त की व्यावहारिक जानकारी

पूर्वी चंपारण,29 अप्रैल (हि.स.)।

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रबंधन विज्ञान विभाग के एमबीए द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों ने शैक्षणिक गतिविधियों को व्यवहारिक अनुभव से जोड़ने के उद्देश्य से रक्सौल लैंड पोर्ट का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव की अनुशंसा तथा विभागाध्यक्ष प्रो. सपना सुगंधा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत लैंड पोर्ट रक्सौल के प्रबंधक कुमार राजीव रंजन के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से इंटीग्रेटेड लैंड पोर्ट की स्थापना, विकास क्रम, प्रशासनिक संरचना तथा संचालन प्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि रक्सौल लैंड पोर्ट भारत-नेपाल व्यापार का एक प्रमुख केंद्र है, जहां से देश के अन्य लैंड पोर्ट्स की तुलना में उल्लेखनीय आयात-निर्यात गतिविधियां संचालित होती हैं। साथ ही, उन्होंने वार्षिक व्यापार, राजस्व योगदान तथा लॉजिस्टिक दक्षता से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों को भी साझा किया।

प्रस्तुति के उपरांत छात्रों को फील्ड विजिट के माध्यम से लैंड पोर्ट की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया। इस दौरान छात्रों को कस्टम्स, सशस्त्र सीमा बल (SSB), इमिग्रेशन, सुरक्षा प्रबंधन, वेयरहाउसिंग तथा ट्रांसपोर्टेशन इकाइयों के कार्यों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सीमा पार व्यापार को सुचारु रूप से संचालित करती हैं। छात्रों ने ट्रक एवं कंटेनर हैंडलिंग की संपूर्ण प्रक्रिया जिसमें माल का आगमन, जांच, दस्तावेज सत्यापन, स्कैनिंग, लोडिंग-अनलोडिंग तथा डिस्पैच शामिल है का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

इस अवसर पर उन्हें आधुनिक तकनीकों के उपयोग, जोखिम प्रबंधन तथा समयबद्ध लॉजिस्टिक्स संचालन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी भी प्राप्त हुई। भ्रमण के दौरान विभाग के फैकल्टी सदस्य डॉ. कमलेश कुमार छात्रों के साथ उपस्थित रहे और उन्होंने पूरे कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित इंटरैक्टिव सत्र में छात्रों ने व्यापार प्रबंधन, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं, अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स, सुरक्षा तंत्र तथा रोजगार संभावनाओं से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार