राष्ट्रीय लोक मोर्चा कटिहार में बूथ स्तर तक चलाएगा सदस्यता अभियान
कटिहार, 04 अगस्त (हि.स.)। स्थानीय आनंद भवन, कटिहार में मंगलवार को राष्ट्रीय लोक मोर्चा की एक महत्वपूर्ण जिला बैठक जिला अध्यक्ष उमाकांत आनंद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी के सांगठनिक विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और सदस्यता अभियान को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कमिटी, प्रखंड कमिटी और विभिन्न प्रकोष्ठों के विस्तार पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष उमाकांत आनंद ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एवं प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिले में संगठन का विस्तार 15 अगस्त तक पूरा कर प्रदेश कार्यालय भेजना है। इसके लिए सभी प्रखंड अध्यक्षों को जल्द से जल्द कमिटी विस्तार करने का निर्देश दिया गया है। सभी प्रखंड अध्यक्षों ने 15 अगस्त से पहले कमिटी विस्तार कार्य को पूरा करने का पूरा आश्वासन दिया है।
उमाकांत आनंद ने जोर देकर कहा कि कटिहार जिला में राष्ट्रीय लोक मोर्चा को जमीनी स्तर पर बेहद मजबूत बनाना है। इसके लिए जिला से लेकर बूथ स्तर तक व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा, बैठक में यह भी घोषणा की गई कि बहुत जल्द पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश कटिहार आने वाले हैं। उनके भव्य स्वागत और अभिनंदन के लिए सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अभी से अपनी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया।
बैठक में आमंत्रित सदस्य के रूप में प्रदेश सचिव पिंकू कुमार एवं संतोष मेहता विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके साथ ही जिला व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शंकर गुप्ता, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष तपेश्वर सिंह, युवा जिला अध्यक्ष अंकित सिंह, जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, महासचिव उदय सिंह, कपिल मंडल, कुणाल सिंह, मो. शरीफुल, मनोज कुशवाहा, शिव शंकर सिंह, हीरालाल साहनी, ब्रजेश सिंह निषाद सहित जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

