समाज कल्याण विभाग की मंत्री की अध्यक्षता में राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड की बैठक संपन्न
पटना, 29 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कोटे से समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ श्वेता गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड की बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधियों ने मंत्री डॉ श्वेता गुप्ता के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि समुदाय की समस्याओं को सुनने के लिए यह महत्वपूर्ण बैठक मंत्री की संवेदनशील पहल और व्यक्तिगत रुचि के कारण संभव हो पाई है।
डॉ श्वेता गुप्ता ने बैठक में एक अत्यंत सम्मानजनक वातावरण प्रदान किया, तथा बोर्ड के सदस्यों से अपनी सभी समस्याओं और शिकायतों को विस्तार से पटल पर रखने को कहा। इस संवाद के दौरान बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड के सदस्यों ने कई प्रमुख मुद्दे और मांगें मंत्री के सामने रखी,जिनमें ट्रांसजेंडर पहचान पत्र का निर्बाध निर्गमन, रोजगार एवं नौकरियों में आरक्षण की व्यवस्था, बोर्ड के सुचारू संचालन हेतु एक स्थायी कार्यालय का आवंटन, विभाग और बोर्ड के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए एक नोडल अधिकारी नामित करना, विभागीय वेबसाइट पर किन्नर कल्याण बोर्ड के सदस्यों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराना और किन्नर कल्याण बोर्ड के सदस्यों के लिए उचित मानदेय निर्धारित करना।
सभी मांगों और सुझावों को पूरी गंभीरता से सुनने के पश्चात, मंत्री डॉ श्वेता गुप्ता ने समुदाय को आश्वस्त करते हुए कहा, ट्रांसजेंडर हमारे समाज का अभिन्न अंग हैं और वे पूरे सम्मान तथा समावेश के हकदार हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि बोर्ड के सदस्यों की डिटेल्स और जिला संरक्षण सेल से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां जल्द ही समाज कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

