home page

एसआईआर को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

 | 
एसआईआर को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक


अररिया 07 नवम्बर(हि.स.)।

फोटो निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित संचालन को लेकर शनिवार को अपर समाहर्ता-सह-वरीय प्रभारी निर्वाचन अजय कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यक्रम एवं इससे संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि प्रारूप निर्वाचक सूची का प्रकाशन 12 नवम्बर को किया जाएगा। इसके पश्चात 12 नवम्बर 11 दिसम्बर तक निर्वाचकों से दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन दिनांक 04 जनवरी 2027 को निर्धारित है।

बैठक में पात्र निर्वाचकों का नाम जोड़ना,दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया,विशेष अभियान दिवस,बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं की नियुक्ति एवं भूमिका पर चर्चा की गई।

बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्धारित समय-सीमा के अंदर अपने बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं की सूची उपलब्ध कराने तथा उनके माध्यम से पात्र निर्वाचकों को निर्वाचक सूची में नाम जुड़वाने हेतु प्रेरित करने का अनुरोध किया गया। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए तथा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम निर्वाचक सूची में शामिल न हो।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ राम बाबू कुमार, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मासूम रेजा, भाजपा से नीरज झा, राजद से कमाले हक आदि प्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर