home page

शिक्षा सुधार को लेकर बैठक

 | 
शिक्षा सुधार को लेकर बैठक


भागलपुर, 11 मई (हि.स.)। जिले के नवगछिया अनुमंडल स्थित कदवा इंटरस्तरीय हाई स्कूल कदवा के प्रांगण में सोमवार को विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था एवं वित्तीय पारदर्शिता को लेकर एक महत्वपूर्ण आम बैठक आयोजित की गई।

बैठक में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, वित्तीय वर्ष 2024-25 के आय-व्यय का हिसाब, विद्यालय फंड की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने, नामांकन एवं मूल प्रमाण-पत्र के नाम पर अवैध वसूली के आरोपों और विद्यालय प्रबंधन समिति के लोकतांत्रिक पुनर्गठन के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। बैठक में कदवा दियारा पंचायत के वर्तमान मुखिया नरेश सिंह, उप मुखिया मृत्युंजय सिंह, सरपंच सिराज शाह, वार्ड सदस्य गोपी किशन, समाजसेवी हेमंत कुशवाहा सैकड़ों की संख्या में युवा, अभिभावक एवं जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।

सभी सदस्यों ने एक स्वर में विद्यालय में पारदर्शिता लाने और बच्चों के भविष्य के लिए शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने कहा कि तय शुल्क से अधिक राशि की वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर