नीतीश कुमार के सपनों को पूरा करना हमारा मकसद : निशांत कुमार
पटना, 22 अप्रैल (हि.स.)। जदयू नेता निशांत कुमार ने जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय में बुधवार काे प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान पार्टी प्रवक्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर नीतीश कुमार के सपनों को पूरा करना है। साथ ही उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाना तथा उनके अधूरे कार्यों को पूरा करना हमारा मुख्य उद्देश्य है।
बैठक को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि जिस तरह से नीतीश कुमार ने समाज के सभी वर्गों दलित,पिछड़़ा, अति पिछड़़ा एवं अल्पसंख्यक समुदाय को साथ लेकर चलने का काम किया एवं उनके कल्याण के लिए योजनाएं बनाई ठीक उसी तरह से हम सबों को मिलकर समाज के हरेक तबके का विकास करना है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
राम मनोहर लोहिया की सप्त क्रांति की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि लोहिया जी ने समाज में बराबरी का नारा एवं विशेष तौर पर महिलाओं को बराबरी के अधिकार की बात कही। उनकी बातों को ध्यान में रखते हुए उसी तरह से हम सबों को मिलकर समाज का निर्माण करना है, जहां किसी से कोई भेदभाव नहीं हो।
बैठक के दौरान विधान परिषद में पार्टी के मुख्य सचेतक संजय कुमार उर्फ गांधी, विधान पार्षद सह मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार, प्रदेश प्रवक्ता डाॅ निहोरा प्रसाद यादव, मीडिया सेल के संस्थापक अध्यक्ष डाॅ अमरदीप, प्रदेश प्रवक्ता अरविंद निषाद, अंजुम आरा, नवल शर्मा, हिमराज राम, परिमल कुमार, अनुप्रिया उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

