नशा मुक्ति और विधि व्यवस्था को लेकर थाना में जनप्रतिनिधियों ने की बैठक
अररिया 20 अप्रैल(हि.स.)। फारबिसगंज में पिछले दिनों हुए दोहरे हत्याकांड के बाद नशा को लेकर अररिया जिला पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।जहां समकालीन अभियान चलाकर जिले में 15 से अधिक लोगों को नशे के कारोबार के आरोप में स्मैक,गांजा और प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया गया।वहीं नशा मुक्ति को लेकर जनसहयोग की भागीदारी पर पुलिस ने जोर दिया है।इसी क्रम में फारबिसगंज थाना में नव पदस्थापित थानाध्यक्ष मनोज कुमार की अध्यक्षता में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, अपराध नियंत्रण तथा नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाना था।
बैठक की शुरुआत जनप्रतिनिधियों द्वारा नव पदस्थापित थानाध्यक्ष मनोज कुमार के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद थानाध्यक्ष ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों से बारी-बारी से परिचय प्राप्त किया।
बैठक में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर नियंत्रण, समाज में शांति कायम रखने तथा नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही चोरी-छिपे सूखा नशा एवं शराब का कारोबार करने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव देते हुए कहा कि सूखा नशा समाज में तेजी से फैल रहा है, जिससे विशेषकर युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है और उनका भविष्य खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पकड़े गए नशा कारोबारियों से सख्ती से पूछताछ कर उनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक को खंगाला जाए, ताकि सप्लाई चेन को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि थाना क्षेत्र में छोटे-छोटे आपसी विवादों को आपसी समझौते से निपटाने का प्रयास किया जाए। इसके लिए संबंधित वार्ड एवं पंचायत के जनप्रतिनिधियों से वास्तविक स्थिति की जानकारी लेकर ही आगे की कार्रवाई की जाए।
नशा मुक्ति को लेकर सभी वार्ड एवं पंचायत स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया, ताकि लोगों को इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

