home page

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत फारबिसगंज नगर परिषद ने लगाया मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर, बांटी दवाईयां

 | 
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत फारबिसगंज नगर परिषद ने लगाया मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर, बांटी दवाईयां


अररिया 30 सितम्बर(हि.स.)। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत फारबिसगंज नगर परिषद की ओर से बुधवार को मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की स्वास्थ्य जांच कर मुफ्त दवाएं वितरित की गईं।नगर परिषद परिसर में आयोजित शिविर में डॉक्टरों की टीम ने बीपी, शुगर, बुखार सहित सामान्य बीमारियों की जांच की। साथ ही स्वच्छता से जुड़ी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए।

मौके पर पीएचसी के चिकित्सकों, सीएचओ शाहनवाज आलम और सौरभ कुमार, एएनएम प्रिया कुमारी, अनुराधा, कमलेश और दूसरे स्वास्थ्यकर्मियों ने नप कर्मियों और स्वच्छता दूतों की सेहत जांची।ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ऑक्सीजन लेवल और पल्स रेट के साथ पैथोलॉजिकल जांच भी हुई। जांच के बाद डॉक्टरों ने सलाह और दवा दी।

नगर परिषद की स्वच्छता पदाधिकारी वंदना भारती ने बताया कि अभियान के तहत नप प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से तालमेल बनाकर नप कर्मियों और स्वच्छता दूतों के लिए यह शिविर लगाया है।इसमें मुफ्त जांच, पैथोलॉजिकल जांच और दवा वितरण की व्यवस्था की गई।

मौके पर ईओ मयंक कुमार ने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है। अभियान का उद्देश्य लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर