सारण में नशा मुक्ति अभियान के तहत प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सामूहिक श्रवण
सारण, 02 अगस्त (हि.स.)। विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत रविवार को सारण जिले के सभी दस महाविद्यालयों एवं प्रखंड मुख्यालयों में नशा मुक्ति युवा अभियान का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। जगदम कॉलेज, छपरा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ व अनुशासित जीवनशैली अपनाने के साथ नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक प्रगति युवाओं की शक्ति और उनके नशामुक्त रहने पर निर्भर करती है। नशामुक्त समाज ही 'विकसित भारत' की नींव रख सकता है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने युवाओं का आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहें, बल्कि समाज में इसके दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने में अग्रणी भूमिका निभाएं।
जिले के सभी प्रखंडों और कॉलेजों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। जिला प्रशासन ने सारण के समस्त नागरिकों और युवाओं से समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

