भगत सिंह के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम
भागलपुर, 23 मार्च (हि.स.)। शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के शहादत दिवस को लेकर सोमवार को भागलपुर के घंटाघर स्थित भगत सिंह चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रेमचंद शरतचंद्र स्मृति कमिटी एवं ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमिटी के अध्यक्ष तापस घोष ने की।
मौके पर तापस घोष ने अपने संबोधन में कहा कि भगत सिंह के सपनों के भारत के निर्माण के लिए सभी को संकल्पित होना होगा, तभी देश नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो सकेगा। कार्यक्रम में कमिटी के संरक्षक दीपक कुमार ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में क्रांतिकारियों के विचारों को हाशिए पर डालने की कोशिश की जा रही है और शिक्षा नीति के माध्यम से भी बदलाव किए जा रहे हैं।
दीपक कुमार ने कहा कि भगत सिंह के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और उन्हें सहेजने की आवश्यकता है। वहीं कमिटी के सचिव रवि कुमार सिंह ने सामाजिक समरसता, अमन-चैन और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी लोगों से भगत सिंह के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने की अपील की। इ
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

