सुपौल में विवाहिता के गायब होने से सनसनी, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
सुपौल, 25 मई (हि.स.)। जिले के कुनौली थाना क्षेत्र से एक विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।जानकारी के अनुसार कमलपुर पंचायत के धरहरा टोला निवासी वासुदेव यादव की पत्नी दुर्गा देवी अचानक घर से गायब हो गईं।
परिजनों का आरोप है कि महिला को जहर देकर मार दिया गया और सबूत मिटाने की नीयत से शव को नाव के जरिए कोसी नदी के रास्ते नेपाल की ओर ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि दुर्गा देवी की शादी करीब तीन वर्ष पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। दंपति का एक छोटा बच्चा भी है।
सोमवार को महिला के गायब होने की खबर मिलने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। वहां की स्थिति देखकर उन्हें संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने कुनौली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
टीम ने घर और आसपास के इलाके का निरीक्षण कर कई नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के बाद से ससुराल पक्ष के कई सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। इससे पूरे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।
कुनौली थाना अध्यक्ष सत्य प्रकाश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल महिला की तलाश और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने का प्रयास जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

