अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन
अररिया 16 अप्रैल(हि.स.)। अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत अररिया में बुधवार को अग्निशमन विभाग की ओर से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।मैराथन दौड़ की शुरुआत नई पुलिस केन्द्र हरियावाड़ा से हुई,जो मुड़बल्ला मध्य विद्यालय दक्षिण होते हुए पुनः पुलिस केन्द्र हरियावाड़ा में आकर समाप्त हुई।ढाई किलोमीटर लंबे मैराथन दौड़ में सैकड़ों की संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया।मैराथन दौड़ का मुख्य उद्देश्य अग्नि सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाना एवं लोगों को आपात स्थितियों के प्रति सजग बनाना था।मौके पर जिले के विभिन्न विभागों के वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी थे,जिन्होंने मैराथन दौड़ को झंडी दिखाकर रवाना किया।विजेताओं को विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया।
मौके पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार प्रसाद ने कहा कि अग्निशमन विभाग पहले आगजनी की घटना पर आग पर काबू पाने के लिए काम करती थी,लेकिन अब आग पर काबू पाने के साथ साथ आगजनी की घटना पर रोक लगाने को लेकर आमजनों को जागरूक भी कर रही है और इसी के तहत विभाग की ओर से अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जिले भर में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को आगजनी की घटना को रोकने को लेकर जागरूक किया जा रहा है जिसके तहत मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

