चंपावती एवं महाकाल मंदिर में लगातार हो रहे चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में आक्रोश
सुपौल, 01 मई (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के कोसी कॉलोनी चौक वार्ड 25 स्थित ऐतिहासिक चंपावती मंदिर एवं महाकाल मंदिर में विगत कुछ समय से लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश एवं भय का माहौल व्याप्त है।
रात को करीब 1:30 बजे अज्ञात अपराधियों द्वारा चंपावती मंदिर में प्रवेश कर मंदिर की घंटी काट कर चोरी कर ली गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है। जिससे अपराधियों की पहचान संभव है। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि इससे पूर्व भी इस मंदिर से बिजली की मोटर की चोरी कर ली गई थी। ग्रामीण गोपेश कुमार ने बताया कि अपराधियों ने मंदिर का मुख्य द्वार का ताला तोड़ कर घटना को अंजाम दिया है।
घटना को लेकर ग्रामीणों द्वारा थाने में लिखित शिकायत की गई थी। इसके अतिरिक्त महाकाल मंदिर में इन दिनों दान - पेटी में नगद राशि की चोरी की घटनाएं भी दर्जनों बार घटित हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे चोरी की घटनाओं को लेकर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह खड़ा हो गया है तथा श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंच रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जान जानकारी मिली है।
सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही घटना का उद्वेदन कर लिया जाएगा। उधर ग्रामीण प्रशांत कुमार, रौशन कुमार, राजेश चौधरी, सुबोध कुमार आदि ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती एवं मंदिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग के साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन से मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

